वैली ब्रिज को लेकर कांग्रेस हुई मुखर दिया एक दिन का सांकेतिक धरना.

देहरादून–मसूरी मार्ग पर रविवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वेली ब्रिज के पास धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आपदा के करीब 8 महीने बीत जाने के बाद भी क्षतिग्रस्त स्कूल और पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि आपदा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा किया जाना चाहिए था, लेकिन सरकार की अनदेखी के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसका असर सीधे तौर पर देहरादून से मसूरी जाने वाले मार्ग पर दिख रहा है, जहां रोजाना लंबा जाम लग रहा है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी घंटों फंसे रहते हैं।
कांग्रेस ने राज्य के मंत्री गणेश जोशी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि यदि इतनी संवेदनशील समस्या का समाधान भी 8 महीनों में नहीं हो पा रहा है, तो अन्य विकास कार्यों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले दो महीनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे स्वयं अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चंदा इकट्ठा कर पुल का निर्माण कराएंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी इसी तरह मजबूती से उठाया जाता रहेगा।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और तस्वीरों के जरिए सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया और दावा किया कि जहां एक ओर आम जनता जाम में फंसी परेशान हो रही है, वहीं जिम्मेदार लोग स्थिति से बेपरवाह हैं।
