कांग्रेस का यूपी के विधानसभा चुनाव से पहले 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान

कांग्रेस का यूपी के विधानसभा चुनाव से पहले 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान

देश की संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण देने की बात दो दशक से चल रही है। आज तक महिला आरक्षण बिल सांसद में कानून की शक्ल नहीं ले पाया। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान कर इस डिबेट को और आगे बढ़ा दिया है। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया कि यूपी में आरक्षण बढ़ेगा तो देश भी बढ़ेगा।

फिलहाल, प्रियंका गांधी भारतीय राजनीति में इतिहास रचने जा रही हैं, क्योंकि देश में पहली बार किसी राष्ट्रीय पार्टी ने 40% टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया है। कांग्रेस यूपी की 403 सीटों में से 161 सीटों पर कांग्रेस महिला कैंडिडेट उतारने जा रही है।

इस ऐलान के साथ ही प्रियंका यूपी की पोस्टर वुमन भी बन गई हैं। उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक नया नारा भी दिया है- 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं'। ये नारा अब यूपी चुनाव का ट्रंप कार्ड बन सकता है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि इसके लिए हमने आवेदन पत्र मांगे हुए हैं, 15 नवंबर तक आवेदन खुला रहेगा। प्रियंका ने कहा कि मेरा बस चलता तो मैं 50 प्रतिशत टिकट दे देती। अगली बार हो भी सकता है कि ये नंबर बढ़ जाए। यूपी में आरक्षण बढ़ेगा तो देश में भी बढ़ेगा।

17 अक्टूबर को कांग्रेस नेता पीएल पुनिया कह चुके हैं कि यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी ही हमारी फेस हैं। वह राज्य में हमारी सबसे बड़ी नेता हैं। अब इसके दो दिन बाद ही प्रियंका ने यह फैसला लिया है। इससे साफ है कि इस बार यूपी में कांग्रेस सब कुछ झोंकने जा रही है।