मृतकों के परिजनों को मिलेगी चार लाख रुपये की मदद - पुष्कर सिंह धामी

मृतकों के परिजनों को मिलेगी चार लाख रुपये की मदद - पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार शाम रुद्रपुर क्षेत्र में जलभराव से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। कहा कि प्रदेश में बड़ी आपदा आई है, जिसमें जनहानि के साथ ही पशु हानि भी हुई है। आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। 


सीएम ने कहा कि आपदा में जिन लोगों के मकान टूटे हैं, पर्वतीय क्षेत्रों में उन्हें एक लाख नौ हजार और मैदानी क्षेत्रों में 95 हजार की मदद दी जाएगी। जिन लोगों के घरों में पानी घुसकर सामान बहा है, उन्हें पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। आपदा में कृषि को भी काफी नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री ने आपदा से हुए नुकसान की चिंता की है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।  

मुख्यमंत्री धामी मंगलवार शाम पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरे। उसके बाद करीब सवा छह बजे रुद्रपुर के संजयनगर खेड़ा पहुंचे। उन्होंने जलभराव से प्रभावित लोगों से नुकसान और मदद के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि जलभराव से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। घरों में पानी भरने से सारा सामान बर्बाद हो गया है और मेहनत से बनाया गया मकान गिरने की स्थिति में आ गया है। सीएम ने कहा कि सरकार की ओर से अधिक से अधिक आर्थिक मदद दी जाए। 

विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुख्यमंत्री को बताया कि रुद्रपुर क्षेत्र में काफी तबाही हुई है। हर जगह पानी भरा है। पूर्व सभासद ललित मिगलानी ने बताया कि बारिश से हुए जलभराव से काफी नुकसान हुआ है। पानी घरों में भरने के बाद लोगों को पुलिस प्रशासन के साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें सुरक्षित निकाल रहीं हैं। सीएम ने दो जगहों पर आपदा प्रभावितों का हाल जाना।  उनके साथ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, डीजीपी अशोक कुमार, डीएम रंजना राजगुरू, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर सहित अन्य मौजूद रहे।  TNI